बाराबंकी। प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना के तहत जिले में बने आवासों की जांच करने के लिये गुरुवार को तीन सदस्यीय केंद्रीय टीम आ रही है। ग्राम्य विकास विभाग ने टीम को निरीक्षण कराने के लिये तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ग्राम्य विकास विभाग ने अब तक जिले में 25 हजार से अधिक पात्रों को प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास का लाभ दे चुका है। आवासों की गुणवत्ता की जांच और प्रगति देखने के लिये गुरुवार को तीन सदस्यीय केंद्रीय टीम आ रही है।
उड़ीसा प्रांत से आ रही यह टीम जिले के किस ब्लॉक के किस गांव में जाकर आवासों की जांच करेंगी। इस पर टीम द्वारा रुख स्पष्ट न किये जाने से विभागीय अधिकारी खासा परेशान दिख रहे हैं। हालांकि टीम के इस दौरे को लेकर विभाग अपनी ओर से कोई कोर कसर छोड़ने की गुंजाइश नहीं कर रहा है।
जांच के दौरान केंद्रीय टीम के सदस्य पीएम आवास का लाभ पाने वाले लाभार्थियों से बातचीत भी करेंगे और सरकार की इस योजना के बारे में फीडबैक लेंगे। टीम के सदस्य योजना में और बेहतर क्या किया जा सकता है इस पर लोगों की राय जानेंगे।
डीआरडीए के परियोजना निदेशक डॉ. हरिचरन सिंह ने बताया कि केंद्र सरकार के निर्देश पर गुरुवार को उड़ीसा प्रांत से तीन सदस्यीय टीम आ रही है जो प्रधानमंत्री आवासों की गुणवत्ता की जांच के साथ लाभार्थियों से फीडबैक भी लेंगे। तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।