बाराबंकी। देवा कोतवाली के हाजीहार गांव में बीते बुधवार को मेंथा का तेल निकालने के दाैरान टंकी में विस्फोट होने से झुलसी नेहा की सोमवार शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। बाकी अस्पताल में भर्ती अन्य चारों लोगों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।
मऊजानीपुर के मजरा हाजीहार में मेंथा का तेल निकालते समय टंकी फटने से राममिलन यादव का पुत्र सत्यम, धर्मेन्द्र व पुत्री नेहा तथा पवन की पत्नी रुक्मिणी और पुत्री रिमझिम झुलस गए थे। सीएचसी से सभी को लखनऊ के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में गंभीर रूप से झुलसी नेहा को केजीएमयू के ट्राॅमा सेंटर में रेफर किया गया था। जहां पर नेहा का इलाज चल रहा था। दो दिन पूर्व से उन्हें आइसीयू में रखा गया था। सोमवार को इलाज के लिए दूसरे अस्पताल ले जाते समय रास्ते में नेहा की मौत हो गई।