सूरतगंज (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के अटाहरी पुरवा गांव में मंगलवार को दो साल के मासूम की सरकारी हैंडपंप के हौज में डूबकर मौत हो गई। इससे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
अटाहरी पुरवा निवासी बब्लू ने बताया कि वह मजदूरी करते हैं। मंगलवार शाम पांच बजे घर के सभी लोग काम में व्यस्त थे। इसी दौरान उनका दो साल का बेटा ज्ञान घर के पास खेल रहा था। खेलते-खेलते ज्ञान कब घर के पास लगे सरकारी हैंडपंप के हौज में भरे पानी में गिर गया, किसी को पता नहीं चला। मासूम को घर के आसपास न देखकर परिजनों ने तलाश शुरू की तो उसका शव हौज में पड़ा मिला। यह देखकर परिजन बिलख पड़े। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।
अव्यवस्था के कारण गई बच्चे की जान
अटाहरी पुरवा गांव में सरयू नदी की बाढ़ से पीड़ित ग्रामीणों को बसाया गया था। आवासीय पट्टा देने के बाद जिम्मेदारों ने यहां मूलभूत सुविधाएं मुहैया नहीं कराईं। हालात ऐसे हैं कि सरकारी हैंडपंप की जल निकासी के भी इंतजाम नहीं हैं। इससे हैंडपंप का पानी हौज में ही एकत्र होता है। इसी हौज ने मासूम की जान ले ली।