बाराबंकी। एक फैक्टरी संचालक की पिटाई से घायल ट्रक चालक की पांच दिन बाद मौत हो गई। इससे नाराज ग्रामीणों ने चालक का शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन किया। वे पीड़ित परिवार को मदद देने व आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे थे। मौके पर पहुंचे एसडीएम व सीओ ने ग्रामीणों को समझा कर शांत कराया है।
पुलिस के अनुसार सतरिख क्षेत्र के ग्राम बरौली जाटा स्थित एक पाइप फैक्ट्री में भड़ीहर पुरवा निवासी राजू (32) ट्रक चालक था। आरोप है कि सात अगस्त की शाम राजू अपने बकाया पैसे मांगने गया तो फैक्टरी मालिक रोहित उर्फ रिंकू, मोहित उर्फ लालू व उनके एक साथी ने उसकी पिटाई कर दी। गंभीर हालत में उसे छोड़कर फरार हो गए। जानकारी पर परिवारीजनों ने युवक को सीएचसी सतरिख पहुंचाया जहां से जिला अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया जहां इलाज के दौरान मंगलवार को उसकी मौत हो गई। इसके बाद नाराज ग्रामीणों ने सतरिख-चिनहट मार्ग से लगे गौरिया घाट मार्ग जामकर प्रदर्शन करने लगे।
सूचना पर एसडीएम सदर अभय पांडेय, सीओ सदर राजेश यादव व सीओ सिटी सुशील सिंह मौके पर पहुंचे और कई थानों के पुलिस कर्मी बुलाए गए। एसडीएम ने मृतक की पत्नी को जमीन और पारिवारिक लाभ के तहत आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। इसके बाद जाम-प्रदर्शन समाप्त हुआ। मृतक के परिवार में पत्नी रामलली व बेटी रोशनी व अनुप्रिया और बेटा अर्पित है। सीओ राजेश यादव ने बताया कि फैक्टरी मालिक रोहित उर्फ रिंकू व मोहित उर्फ लालू व उनके साथी किंटू को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। मुकदमे में हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी।