बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर गुरुवार को हुई दो दुर्घटनाओं में छात्रा सहित आधा दर्जन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उधर लोनीकटरा इलाके में एक दरोगा घायल हो गया।
रामसनेहीघाट क्षेत्र में बृहस्पतिवार को हाईवे के दिलोना मोड़ के निकट दो बाइकें आपस में टकरा गई। इस हादसे में एक बाइक पर सवार बिहार निवासी मोनू व संदीप व दूसरी बाइक असंद्रा के लोनी मजरे कादिरपुर निवासी मनीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बनीकोडर सीएचसी ले जाया गया जहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया। उधर कोटवा सड़क ओवरब्रिज के पास एक मैजिक से दो कारें टकरा गई। इस हादसे में मैजिक सवार सुमेरगंज निवासी रामकिशुन की पुत्री अर्चना घायल हो गई। एक कार में सवार हरियाणा निवासी अमित व सोनू गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थाना लोनीकटरा में तैनात एसआई श्रीचंद्र यादव गुरुवार को कार से लखनऊ जा रहे थे। हाईवे पर रामबाग चौराहे के पास ट्रक ने कार में पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में घायल दरोगा को लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती कराया है।