बाराबंकी। लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर चौबीसी गांव के पास मंगलवार भोर ट्रक व ट्रेलर की टक्कर के बाद लगी आग में दो लोगों की जिंदा जलकर मौत व एक के झुलसने की घटना हुई। इसी हादसे में लापता चौथे शख्स का पता भी लग गया। गंभीर रूप से झुलसा वह व्यक्ति बस्ती जिले के रुदौली थाना क्षेत्र के करमाहिया गांव निवासी अनिल उपाध्याय (32) है।
अनिल का इलाज गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। अनिल हादसे के बाद झुलसी हालत में भयभीत होकर वहां से निकले और करीब 155 किलोमीटर की दूरी तय कर डाली। पुलिस के अनुसार सुल्तानपुर की ओर से आ रहा ट्रेलर चौबीसी के पास आगे चल रहे मुर्गी दाना लदे ट्रक से पीछे से टकरा गया था। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई।
हादसे में ट्रेलर के केबिन में सवार चार लोगों में से संतकबीर नगर जिले के राजेश और लखनऊ के नयाखेड़ा निवासी सतीश की जिंदा जलकर मौत हो गई थी। वहीं गंभीर रूप से झुलसे दूसरे ट्रक चालक मनोज का इलाज चल रहा है। चौथा व्यक्ति मौके पर नहीं मिला। ऐसे में पुलिस को आशंका थी कि कहीं वह आग की चपेट में आकर पूरी तरह जल तो नहीं गया।
इसी बीच देर शाम बस्ती पुलिस की मदद से उसकी पहचान अनिल उपाध्याय के रूप में हुई। अनिल ने पुलिस को बताया कि घटना के बाद उनका हाथ चेहरा, पीठ आदि झुलस गए थे। वह घटनास्थल से पैदल कुछ दूर चले और फिर टेंपो से जगदीशपुर पहुंचे। घटनास्थल से जगदीशपुर की दूरी दो से तीन किलोमीटर है।
वहां से बस पकड़ कर करीब 155 किमी दूर अपने घर बस्ती चले गए। रात में घर पहुंचने पर परिजन उन्हें सीएचसी ले गए, जहां से जिला अस्पताल और फिर गोरखपुर मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया। हैदरगढ़ के एसएचओ अनिल कुमार पांडे ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।
जोर का झटका.. आंख खुली तो आग ही आग
अनिल उपाध्याय ने पुलिस को बताया कि ट्रेलर में उनके साथ चार लोग सवार थे। राजेश वाहन चला रहे थे। वह केबिन में सो रहे थे। अचानक जोर का झटका लगने से उनकी नींद खुली। आंख खुलते ही चारों ओर आग की लपटें दिखाई दीं। वह किसी तरह जान बचाकर वाहन से बाहर निकले। हाथ, चेहरा और शरीर के कई हिस्से झुलस गए थे।