बाराबंकी। सहालग मेंं बर्तन बाजार भी अलग चमक बिखेर रहा है। खरीदारों की भीड़ से सजी-धजी बर्तन की दुकानें भी गुलजार हैं। बर्तनों की ऊंची कीमतों के बावजूद लोग रीति रिवाजों को निभाने के लिए हल्के बर्तनों की ही खरीदारी कर रहे हैं। पहले पीतल व फूल के भारी बर्तनों का चलन था, अब इसकी जगह हल्के वजन वाले बर्तनों ने ले ली है। इस दौरान स्टील के बर्तन और डिनर सेट की मांग ज्यादा बढ़ गई है।
पहले के समय में विवाह के दौरान पीतल व फूल के भारी बर्तनों का चलन था। अब इनकी जगह हल्के वजन वाले बर्तनों ने ले ली है। शादी वाले घरों में लोगों को रस्म रिवाज निभाने के लिए मजबूरी में बर्तनों की खरीदारी करना पड़ती है। बाजार में इनकी बिक्री वजन व पीस के हिसाब से हो रही है। बाजार में बर्तन की खरीदारी कर रहीं वंदना शुक्ला ने बताया कि बेटी की शादी के लिए पीतल का थाल खरीदा है। महंगाई के बावजूद परंपराओं का निर्वहन करने के लिए बर्तनों की खरीदारी करना पड़ती है।
खरीदारों को लुभाने के लिए बाजार में इस बार बर्तनों को नया लुक और डिजाइन देकर उतारा गया है। इनमें ब्रांडेड कंपनियों के कुकर, कुक वेयर, मिक्सी, प्लेट, थाली, लोटा, कटोरी, ट्राई प्लाई कुक वेयर और डिनर सेट की डिमांड ज्यादा है। हल्के वजन वाले पीतल के थाल-थालियों की भी खूब मांग है। स्टील के बर्तन पीतल की तुलना में सस्ता होने के कारण बिक रहे हैं। दुकानदार संजीव गुप्ता ने बताया कि पीतल व स्टील मेंं बीते वर्ष के मुकाबले दस फीसदी दाम बढ़े हैं।
डिनर सेट की मांग ज्यादा
बाजार में डिनर सेट की खूब डिमांड है। जिनके घर शादियां हैं वह तरह-तरह के बर्तन के साथ डिनर सेट खरीद रहे हैं। इसके अलावा गिफ्ट देने के लिए भी डिनर सेट की खरीद ज्यादा हो रही है। दुकानदारों ने बताया कि बाजार में नौ सौ रुपये से लेकर पांच हजार रुपये तक के अच्छी कीमत वाले बोन चायना के डिनर सेट मौजूद हैं।