मदरहा गांव के नाले में डूबा बच्चा अब्दुल रहमान।
- फोटो : अमर उजाला
नित्यक्रिया के लिए मंगलवार सुबह गांव के बाहर गया बालक नाले में डूब गया। ग्रामीणों के काफी तलाश के बाद भी उसका कुछ पता नहीं चल सका। तहसीलदार व पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों की मदद से बालक की तलाश कराई लेकिन देर शाम तक उसका कुछ पता नहीं चल सका। हादसे के बाद ग्रामीणों ने प्रदर्शन भी किया।
मोहम्मदपुर खाला थानाक्षेत्र के ग्राम मदरहा निवासी बब्लू का दस वर्षीय पुत्र अब्दुल रहमान मंगलवार की सुबह नित्यक्रिया के लिए गांव के बाहर नाले की तरफ गया था। ग्रामीणों
के मुताबिक उसी समय उसका पैर फिसल गया होगा जिससे वह नाले में गिर गया।
इसमें काफी पानी था। काफी देर तक अब्दुल के घर नहीं पहुंचने पर परिवारीजन व अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंचे। बालक की तलाश की लेकिन कुछ भी पता नहीं चल सका। स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना तहसीलदार रामनगर व पुलिस को दी।
जिस पर तहसीलदार व थानाध्यक्ष रिजवान अब्बास मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से सोता में डूबे अब्दुल की तलाश कराई गई लेकिन उसका कुछ भी पता नहीं चल सका। बालक के डूब जाने से परिवार में कोहराम मचा है। बाद में ग्रामीणों ने प्रदर्शन कर प्रशासन के खिलाफ नारे लगाए। पुलिस ने उन्हें किसी तरह समझाकर शांत कराया।