माती (बाराबंकी)। किसान पथ के पास तालाब व ग्राम समाज की भूमि पर नियमों को दरकिनार की गई प्लॉटिंग अवैध निर्माण से मुक्त कराई गई। यहां पर लखनऊ की तिरुपति स्टेट कंपनी द्वारा प्लॉटिंग की गई है। यहां पर बने अवैध निर्माण को मंगलवार शाम तहसील नवाबगंज की राजस्व टीम ने माती पुलिस चौकी की टीम के साथ पहुंचकर ढहवा दिया।
देवा के माती क्षेत्र में रेंदुआ पल्हरी में किसान पथ के किनारे तिरुपति स्टेट नाम से प्लानिंग कर रहे भूमाफिया ने किसानों प्लॉटिंग की। उसके बाद में बाउंड्रीवाल बनाकर तालाब व ग्राम समाज की नवीन परती की भूमि पर भी प्लॉट काटकर पक्का निर्माण कर दिया। इसको लेकर सदर तहसील में धारा-67 के तहत कार्रवाई करते हुए उसे अवैध कब्जे से मुक्त कराने को टीम गठित की गई।
मंगलवार शाम नायब तहसीलदार कुमकुम मिश्रा ने राजस्व निरीक्षक रेनू वर्मा व क्षेत्रीय लेखपाल तथा माती चौकी पुलिस के साथ पहुंची। यहां पर भूमाफिया द्वारा गाटा संख्या 506 और 506/ 1108 पर सरकारी तालाब व ग्राम समाज की जमीन पर बनाए गए अवैध निर्माण को ध्वस्त कराया। तहसील प्रशासन की इस कार्रवाई अवैध प्लॉटिंग करने वाले भूमाफिया में हड़कंप मच गया।
घूर गड्ढे की भूमि से हटवाया कब्जा
सिरौलीगौसपुर। मेलारायगंज गांव में घूर गड्ढे की जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की कार्रवाई की गई। इस गांव में घूर गड्ढ़े की जमीन पर एक व्यक्ति का लंबे समय से कब्जा था। इसको लेकर गांव के ही पवन वर्मा की शिकायत पर एसडीएम प्रतिपाल सिंह के निर्देश पर बुधवार को कानूनगो स्वामीनाथ सोनी ने राजस्व व बदोसराय पुलिस टीम के साथ पहुंचकर अवैध कब्जे को हटवाया। वहीं अवैध कब्जेदार रामहरख सहित तीन लोगों को शांतिभंग आशंका में गिरफ्तार कर कोतवाली लाया गया।
शहर में हटाया अतिक्रमण, तोड़े गए अवैध निर्माण
बाराबंकी। शहर में अतिक्रमणकारियों पर शिकंजा कसते हुए तहसील प्रशासन व नगर पालिका की टीम ने सख्त कार्रवाई की है। नगर पालिका की टीम ने बुधवार को पुराना बस स्टेशन के पास अतिक्रमण हटाया। जहां पर अवैध निर्माण मिला उसे जेसीबी से तोड़ा गया और गुमटियां व दुकानें हटा दी गईं। इस दौरान अतिक्रमणकारियों में अफरातफरी का माहौल रहा।
एसडीएम अभय पांडेय के निर्देश पर नगर पालिका की टीम ने शहर में पुराने बस स्टेशन के समीप जनेस्मा से पटेल तिराहे तक अतिक्रमण हटाया। जैसे ही जेसीबी पुराने बस स्टेशन के पास रुकी अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। अवैध रूप से लगी करीब 12 दुकानें और गुमटियां आदि हटवा दीं और अवैध निर्माण तोड़ दिया। इसके बाद जेसीबी पटेल तिराहे की ओर बढ़ी। अतिक्रमण हटता देख सड़क पर सामान फैलाए दुकानदारों ने सामान समेटना शुरू कर दिया। इस दौरान टीम ने स्टेशनरी की दुकानें व गुमटियां हटवा दीं।