त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। लोनीकटरा थाना क्षेत्र में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर शुक्रवार को बाइक से जा रहे आईटीआई छात्र को तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। हेलमेट नहीं लगा होने के कारण सिर में गंभीर चोट आने से छात्र की मौके पर ही माैत हो गई। चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया।
सुबेहा थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत सरांयगोपी के मजरा पूरे गजराज सिंह गांव के कुच्ची सिंह का इकलौता पुत्र अर्पित सिंह (22) क्षेत्र के सदरुद्दीनपुर स्थित अपनी ननिहाल में रहकर भिलवल से आईटीआई कर रहा था। शुक्रवार को वह बाइक से लोनीकटरा थाना क्षेत्र के मंगलपुर चौराहे स्थित जनसेवा केंद्र पर छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन फाॅर्म भरने के लिए निकला था।
इसी दौरान लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर मंगलपुर चौराहे के पास हैदरगढ़ की ओर जा रहे तेज रफ्तार ट्रक ने अर्पित की बाइक में टक्कर मार दी। युवक सिर के बल सड़क पर गिरा। स्थानीय लोग मौके की ओर से दौड़े तो ट्रक छोड़कर चालक फरार हो चुका था, जबकि अर्पित की मौत हो चुकी थी। अर्पित अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था। कुच्ची सिंह बड़े अरमानों के साथ बेटे की परवरिश कर रहे थे। अर्पित के परिवार में माता-पिता के अलावा एक बहन है। एसओ अंकित त्रिपाठी ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।