बाराबंकी। आईआईए बाराबंकी चैप्टर की बैठक लखनऊ स्थित इंडस्ट्रियल एसोसिएशन भवन में हुई। इसमें संगठन विस्तार पर चर्चा हुई। साथ ही जेड सर्टिफिकेशन के अलावा केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं से उद्यमियों को अवगत कराया गया। प्रदूषण विभाग की ओर से जारी किए जाने वाले अनापत्ति प्रमाणपत्र पर विभागीय अधिकारियों ने पूरी प्रक्रिया बताई।
इस मौके पर आईआईए बाराबंकी चैप्टर के अध्यक्ष डिविजनल चेयरमैन प्रमित कुमार सिंह को शील्ड व बुके देकर स्टार अध्यक्ष के रूप में सम्मानित किया गया। आईआईए चैप्टर बाराबंकी के अध्यक्ष कैप्टन राजेश तिवारी ने कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कहा कि संगठन को सफल बनाने के लिए अधिक से अधिक उद्यमियों को जोड़ने का लक्ष्य तय किया गया है। प्रत्येक सदस्य उद्यमी अपने जानने वाले उद्यमियों को संगठन की सदस्यता दिलाएं।
राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष अवधेश अग्रवाल ने जेड ब्रांज सर्टिफिकेशन के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि जेड पैरामीटर ज्यादा गुणवत्ता के लिए सही प्रक्रियाओं को स्थापित करने में मदद करते हैं। गुणवत्ता और उत्पादकता में सुधार होने से बेहतर मुनाफा होता है। साथ ही पर्यावरण जागरूकता में वृद्धि होती है। उद्यमियों को जेड सर्टिफिकेशन कराने में दिक्कत न हो, इसके लिए आईआईए मुख्यालय पर एक कर्मचारी की नियुक्ति की गई है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सहायक वैज्ञानिक हिमांशु सोनकर ने उद्योग स्थापना में प्रदूषण विभाग ओर से लिए जाने वाले अनापत्ति प्रमाणपत्र के आवेदन और उपयोगिता के विषय पर जानकारी दी। साथ ही उद्यमियों के सवालों का जवाब दिया। संगठन में सदस्य बनीं डॉ. निर्मला सक्सेना, महावीर जैन, रविरंजन व हारून सिद्दीकी का स्वागत किया गया। इस मौके पर डिविजनल चेयरमैन आलोक सोती, आईआईए सचिव अंशुल अग्रवाल, कोषाध्यक्ष अमन अग्रवाल, अखिलेश अग्रवाल, अपर्णा मिश्रा आदि मौजूद रहे।