निरीक्षण में खामियां देख भड़के आईजी
- फोटो : अमर उजाला
लखनऊ जोन के आईजी बुधवार को जिले के निरीक्षण पर थे। आईजी द्वारा किए गए पुलिस लाइंस के निरीक्षण में साफ-सफाई का अभाव, वाहनों की मरम्मत का लेखा-जोखा न मिलना, डेढ़ साल से शस्त्रों का सत्यापन न होना व पुलिस कर्मियों के आवास में कई कमियां उजागर हुई।
यह देख आईजी भड़क उठे और पुलिस लाइन के आरआई व परिवहन शाखा प्रभारी को जमकर फटकारा और एसपी से रिपोर्ट तलब किया है। इसके साथ ही कमियों को एक सप्ताह के अंतराल में दूर करने की बात कही गई है। वहीं मामले में सीओ पुलिस लाइन से भी स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
आईजी ए सतीश गणेश बुधवार की सुबह अचानक पुलिस लाइंस पहुंच गए। आईजी ने सबसे पहले क्वार्टर गार्ड का निरीक्षण किया। जहां क्वार्टर गार्ड कमांडर शारीरिक रूप से फिट नहीं मिला न ही ड्रिल संचालित मिली। नोटिस बोर्ड पर बीते तीन साल से किसी भी आदेश को अंकित नहीं किया गया था। यह देख आईजी भड़क उठे व आरआई बालकृष्ण यादव को जमकर फटकार लगाई।
इसके बाद अरमरी में पहुंचे आईजी को वहां रखी बंदूकों की साफ सफाई न होने के साथ ही डेढ़ साल से शस्त्रों असलहों व कारतूस का भौतिक सत्यापन न नही किया गया था। परिवहन शाखा में अभिलेख सही न मिलने व वाहनों के रखरखाव व मेंटीनेंस खर्च का ब्योरा न मिलने पर आईजी ने यहां के प्रभारी पर नाराजगी व्यक्त की।
पुलिस लाइंस का पैदल निरीक्षण कर रहे आईजी ने यहां बने आवास व आरक्षी बैरकों में बेहतर साफ सफाई न मिलने पर इसमें सुधार की बात कही। निरीक्षण में मिली खामियों को लेकर आईजी ने एसपी वैभव कृष्ण से गोपनीय रिपोर्ट तलब की है। इसके साथ ही सीओ लाइन श्रीपाल यादव से स्पष्टीकरण तलब करते हुए आरआई बालकृष्ण यादव परिवहन शाखा प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी है।