बाराबंकी। जिले के विभिन्न प्राथमिक विद्यालयों में वार्षिकोत्सव और प्रवेश उत्सव धूमधाम से मनाया गया। शिक्षा और बाल विकास को प्रोत्साहित करने के लिए स्कूल चलो अभियान की रैली और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में बच्चों ने सरस्वती वंदना व अन्य प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार और मेडल देकर सम्मानित किया गया।
जैदपुर व पवैया वीरान के प्राथमिक विद्यालयों में शुक्रवार को वार्षिकोत्सव एवं प्रवेश उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की पूजा और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। विद्यार्थियों ने सरस्वती वंदना, स्वागत गीत, नुक्कड़ नाटक और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया। विद्यालयों ने स्कूल चलो अभियान के तहत जागरूकता रैली निकाली, जिसमें बच्चों ने- एक भी बच्चा छूटा, संकल्प हमारा टूटा.. आधी रोटी खाएंगे, स्कूल जरूर जाएंगे.. आदि नारे लगाए और लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक किया। मुख्य अतिथियों ने बच्चों को निरंतर अध्ययन और अनुशासन के लिए प्रेरित किया। साथ ही ग्रामीणों और अभिभावकों को अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन सुनिश्चित करने के लिए जागरूक किया गया। प्राथमिक विद्यालय पवैया वीरान में उत्तर प्रदेश प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला उपाध्यक्ष राजेश श्रीवास्तव, एआरपी अभिषेक नाग, संध्या कबीर, शिवपूजन शर्मा, अनूप कुमार व प्रधानाध्यापिका प्रीति मिश्रा समेत अन्य अतिथि मौजूद रहे। विद्यालय परिवार की ओर से अतिथियों का स्वागत इको क्लब के तहत मिशन लाइफ अभियान को बढ़ावा देते हुए पीपल के पत्तों व गेंदे के पुष्प से बने बैज लगाकर किया गया।