बाराबंकी। निकाय चुनाव में लगाए गए कई कर्मचारी ड्यूटी कटवाने के लिए बुधवार को डीआरडीए सभागार पहुंचे। किसी की गोद में दुधमुंहा बच्चा था तो कोई कराहते हुए पहुंचा। सीडीओ एकता सिंह की अध्यक्षता में मेडिकल बोर्ड ने परीक्षण और समस्या जायज होने पर करीब सौ कर्मचारियों को ड्यूटी से मुक्त कर दिया। निकाय चुनाव के लिए करीब ढाई हजार कार्मिकों की ड्यूटी लगाई जा रही है। साथ ही करीब दस प्रतिशत कार्मिक रिजर्व श्रेणी में रखे गए हैं। इनमें पीठासीन अधिकारी व प्रथम मतदान अधिकारी का पहले चरण में प्रशिक्षण कराया भी जा चुका है। दो सौ से अधिक कार्मिकों ने ड्यूटी कटवाने के लिए आवेदन किया था। लिए सीडीओ की अध्यक्षता में डॉ. पंकज चौधरी, डॉ. महेंद्र सिंह व डॉ. नासिर कमाल के पैनल ने स्वास्थ्य संबंधी समस्या वाले करीब 50 कर्मचारियों का परीक्षण किया। इनमें ज्यादातर शिक्षा विभाग में कार्यरत थीं। इनमें कई गर्भवती थीं तो कई अन्य बीमारियों से ग्रस्त थीं। साथ ही कई महिलाएं व पुरुष छोटे बच्चों का हवाला देकर ड्यूटी कटवाने लिए आए थे। कई घंटे तक चले परीक्षण के बाद करीब सौ कार्मिकों को ड्यूटी से मुक्त कर दिया गया। पीडी मनीष कुमार ने बताया कि वास्तविक समस्या वाले कार्मिकों की ड्यूटी काटी गई है। अनावश्यक आवेदन निरस्त कर दिए गए।