हैदरगढ़ (बाराबंकी) । कोतवाली स्थित हाईवे पर तहसील के सामने तेज रफ्तार बाइक ने पैदल होमगार्ड को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक सवार भाग निकला। फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने घायल होमगार्ड को सीएचसी पहुंचाया जहां हालत गंभीर होने के कारण उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
लोनीकटरा थाना के कान्हीपुर गांव निवासी होमागार्ड हरीशंकर अवस्थी (55) तहसील कार्यालय पर सुरक्षा ड्यूटी में तैनात थे।
तहसील कार्यालय परिसर में दो इंडियामार्का नल लगे हैं। लेकिन एक हैंडपंप खराब पड़ा है। बुधवार को दिन में तहसील से पैदल हाईवे पार कर पानी पीने के लिए गए थे। वापस लौटते समय तेज गति से आई बाइक की टक्कर से घायल हो गए। होमगार्ड को सड़क पर गिरा देख बाइक सवार बाइक लेकर मौके से भाग गया। स्थानीय लोगों ने घायल होमगार्ड को सीएचसी हैरदगढ़ पहुंचाया जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर किया गया है। कोतवाल ओमवीर सिंह चौहान ने बताया हादसे में होमगार्ड के घायल होने की जानकारी मिली है। बाइक सवार की तलाश कर कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)