बाराबंकी। दसवीं वाहिनी पीएसी में आयोजित तीरंदाजी प्रतियोगिता के दूसरे दिन 30 मीटर पुरुषों की तीरंदाजी प्रतियोगिता का रोमांचक मुकाबला हुआ। इस प्रतियोगिता में मध्य जोन की सात टीमों ने भाग लिया, जहां प्रतिभागियों ने लक्ष्य पर निशाना साधा और अपने दमदार प्रदर्शन से दर्शकों का दिल जीत लिया। एसडीआरएफ के रमाकांत यादव ने बेहतरीन निशानेबाजी करते हुए व्यक्तिगत स्कोर में 153 अंक अर्जित कर सर्वोच्च स्थान पर रहे। उनकी सटीक निशानेबाजी को सभी ने सराहना की। 26वीं वाहिनी पीएसी गोरखपुर की डिंपल यादव ने 141 अंक प्राप्त कर दूसरे स्थान पर कब्जा किया। वहीं, 2वीं वाहिनी पीएसी सीतापुर के अजय यादव ने 111 अंक अर्जित कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। इन खिलाड़ियों के प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में रोमांचक पल बनाए और दर्शकों को उत्साहित किया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला बृहस्पतिवार को खेला जाएगा, जिसमें इन खिलाड़ियों की तकनीक, धैर्य और रणनीति निर्णायक साबित होगी। इस मौके पर सहायक सेनानायक डॉ. धर्मेंद्र कुमार यादव, शिविरपाल, अभिषेक श्रीवास्तव, सूबेदार मेजर अमित कुमार सिंह, अमित कुमार सिंह, स्पोर्ट्स प्रभारी निखिल मिश्रा मौजूद रहे।