बाराबंकी। कोतवाली फतेहपुर में डीएम शशांक त्रिपाठी व एसपी दिनेश कुमार सिंह के समक्ष पहुंचे सिहाली गांव निवासी अब्बुल हसन व मेराज ने बताया कि पुश्तैनी भूमि को लेकर मुकदमा चल रहा है। इस दौरान गांव के ही हिस्ट्रीशीटर ने अपने नाम से घरौनी भी बनवा ली। अब रंगदारी मांग रहा है। इस पर नाराज डीएम ने मौजूद एसडीएम से पूछा कि एक हिस्ट्रीशीटर की घरौनी कैसे बन गई, रिपोर्ट दीजिए। साथ ही हिस्ट्रीशीटर के खिलाफ तत्काल केस दर्ज कराने का निर्देश भी दिया।
जैदपुर थाने में समाधान दिवस के दौरान पहुंचे गोछौरा गांव निवासी गणेश प्रसाद ने फरियाद लगाई कि साहब, विपक्षी दोबारा जमीन पर अवैध कब्जा करना चाहते है। पूर्व में हुआ फैसला भी नहीं मान रहे हैं। मौजूद अफसरों ने उन्हें न्याय दिलाने का भरोसा दिलाया। जबकि मसौली थाने के समाधान दिवस में पहुंचे गांव निवासी शिव गोपाल शुक्ला ने गांव के ही दबंग पर दशकों पुराने खड़ंजा मार्ग पर कब्जा करने का आरोप लगाया। ग्राम पंचायत बांसा की प्रधान अनुपमा ने भी गांव के कुछ लोगों ने ग्राम समाज की भूमि पर कब्जा करने की शिकायत की। इन मामलों के निस्तारण के लिए टीम गठित की गई।
थाना व कोतवाली में शनिवार को आयोजित समाधान दिवस के दौरान कहीं एक दुक्का तो कहीं छह से आठ मामले दर्ज हुए। अधिकतर मामले जमीन पर अवैध कब्जे के रहे। सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक चले समाधान दिवस के दौरान चार घंटे में 137 शिकायतें दर्ज हुई। इसमें से 26 मामलों में मौके पर पहुंची टीम ने जांच पड़ताल भी की। देर शाम तक पक्षकारों की सहमति के आधार पर 71 मामलों को निस्तारित भी कराया गया।