बाराबंकी। नगर पालिका नवाबगंज में स्वकर प्रणाली लागू करने के लिए तीन प्रकार की दरें लागू की गई हैं। इनमें पॉश आबादी वाले 11 वार्डों में सबसे ज्यादा गृहकर-जलकर देना होगा, जबकि पुराने शहर को मध्यम व नई शहरी आबादी को सबसे कम कर देना होगा। नगर पालिका की ओर से स्वकर प्रणाली को शत प्रतिशत लागू करने के लिए अक्तूबर तक का लक्ष्य रखा गया है। इसको लेकर शुक्रवार को भी नगर पालिका परिसर में कर निर्धारण अधिकारी कमलेश चौबे की ओर से सुनवाई की गई।
ईओ संजय शुक्ला ने बताया कि अक्तूबर माह तक स्वकर प्रणाली को लागू करने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके लिए सुनवाई चल रही है। नई दरें वर्ष 2019 से लागू की जा रही हैं।
पॉश इलाकों के वार्डों की निर्धारित दरें
तहसील कॉलोनी, लखपेड़ाबाग, लक्ष्मणपुरी, दशहराबाग, आजादनगर, आनंद विहार, सत्यप्रेमी नगर, विकास भवन, कैलाश आश्रम व नेहरूनगर में प्रथम श्रेणी में आठ मीटर से अधिक चौड़ी सड़क पर आरसीसी भवन के लिए 70 पैसा, पक्के भवन के लिए 60 पैसा व कच्चे भवन के लिए 50 पैसा प्रति वर्गफिट निर्धारित हुआ है। द्वितीय श्रेणी में चार से आठ मीटर चौड़ी सड़क पर क्रमश: 60, 50 व 40 पैसा प्रति वर्गफिट, तृतीय श्रेणी में चार मीटर से कम चौड़ी सड़क पर 50, 40 व 30 पैसा प्रति वर्गफिट तय किया गया है। वहीं, भूखंड के लिए 15 से 25 पैसा प्रति वर्ग फिट तय किया गया है।
मध्यम व सबसे कम कर वाले वार्ड
मकदूमपुर, जलालपुर, बेगमगंज-लाजपतनगर, गुलरिया गार्दा, कानून गोयान, कटरा बारादरी, सरावगी में प्रथम श्रेणी में 60, 50 व 40 पैटा, द्वितीय श्रेणी में 50, 40 व 30 पैसा, तृतीय श्रेणी में 40, 30 व 25 पैसा व भूखंड के लिए 10 से 20 पैसा प्रति वर्गफिट निर्धारित किया गया है। बनवा पल्हरी, गांधीनगर, बड़ेल, कोठीडीह, बाल्मीकिनगर, बाढि़यन टोला, पीरबटावन पूर्वी, आलापुर, भितरी पीरबटावन, पीरबटावन पश्चिमी व रसूलपुर में प्रथम श्रेणी में 50, 40 व 30 पैसा, द्वितीय श्रेणी में 40, 30 व 23 पैसा, तृतीय श्रेणी में 30, 25 व 20 पैसा और भूखंड के लिए 10 से 20 पैसा प्रति वर्ग फिट निर्धारित हुआ है।