फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: हेतमापुरधाम व चार अन्य गांवों को बाढ़ से बचाने के लिए मिले 14 करोड़

Mon, 24 Mar 2025 01:27 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। सरयू नदी के किनारे स्थित प्रसिद्ध हेतमापुर धाम के साथ आसपास के चार गांवों को बाढ़ से बचने के लिए शासन ने एक बड़ी कार्ययोजना को मंजूरी दे दी है। इन जगहों पर तीन बड़ी परियोजनाओं के तहत करीब 14 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। बजट मिलने के बाद अब बाढ़ खंड विभाग टेंडर प्रक्रिया शुरू करने में लगा है। हालांकि, स्थानीय लोगों का कहना है कि इस कार्य की निगरानी की जाए ताकि गुणवत्ता बनी रहे।
विज्ञापन


रामनगर तहसील क्षेत्र में पिछले साल बरसात के दौरान सितंबर में सरयू नदी उफना गई थी। विकराल रूप देखकर बबुरी, केदारीपुर और बेलहरी गांव के लोग भाग खड़े हुए थे। विनाशकारी बाढ़ में इन तीनों गांवों के 300 से अधिक मकान, सरकारी विद्यालय व खेत-खलिहान डूब गए थे।

नदी के निशाने पर हेतमापुरधाम और सुंदर नगर गांव भी आ गए थे। हालांकि यहां के परिवारों को प्रशासन ने जमीन और मकान के लिए धनराशि भी दी। चूंकि नेपाल के बैराजों से पानी छोड़े जाने के कारण सरयू नदी में हर साल बाढ़ आती है, इसलिए कार्ययोजना बनाई गई। इसी 20 मार्च को इन तीनों बड़ी परियोजनाओं को मंजूरी दे दी गई।
विज्ञापन



बनेंगे स्पर, मिट्टी की होगी पटाई
सरयू नदी के दाएं तट पर चलहारीघाट गणेशपुर के पास बबुरी, केदारीपुर और बेलहरी गांव और यहां के खेत और भूमि पर बाढ़ के पानी को आने से रोकने के लिए स्पर बनेंगे, मिट्टी की पटाई भी होगी। पत्थर भी डाले जाएंगे। इस पर 9.27 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 2.80 करोड़ रुपये की पहली किस्त मिल गई है।


2.64 करोड़ से बिछेगा खड़ंजा, बनेंगे टर्निंग प्लेटफार्म
गणेशपुर तटबंध के किमी 5.400 से 11 तक बांध को दोनों तरफ से मजबूत करने के अलावा उस पर खड़ंजा बिछाया जाएगा। इसके लिए टर्निंग प्लेटफार्म का निर्माण भी किया जाएगा। इस परियोजना के लिए दो करोड़ 64 लाख 57 हजार रुपये मंजूर हुए हैं, 26 लाख रुपये की किस्त भी जारी हो गई है।


त्रिआयामी संरचना का होगा निर्माण

सययू नदी के किनारे बसे हेतमापुर धाम और सुंदरनगर की सुरक्षा के लिए त्रिआयामी संरचना का निर्माण होगा, स्क्रीनिंग द्वारा बाढ़ से सुरक्षा हाेगी। यह जलप्रवाह नियंत्रित करेगी और कटान रोकेगी। इस पर 2.9 करोड़ रुपये खर्च होंगे। 71 लाख की किस्त मिल गई है।
विज्ञापन



अप्रैल से शुरू होंगे काम
बाढ़ से बचाव के लिए जिन परियोजनाओं को मंजूरी मिली है, उनके टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। है। अप्रैल से काम शुरू कर दिए जाएंगे।
- शशिकांत सिंह, अधिशासी अभियंता, बाढ़
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें