बाराबंकी। रामनवमी पर अयोध्या में जुटने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ी सुरक्षा व्यवस्था के कारण प्रशासन ने लखनऊ-अयोध्या हाईवे समेत कई मुख्य मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है। रामनगरी में यातायात प्रबंधन बेहतर बनाने के लिए इस बार बाराबंकी जिले को अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।
रामनवमी के दृष्टिगत शनिवार सुबह आठ बजे से ही लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे पर भारी और व्यावसायिक वाहनों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है। ऐसे वाहनों को शहर के निकट चौपुला तिराहे से और रामनगर तिराहे की ओर भेजकर बहराइच-गोंडा हाईवे पर डायवर्ट किया जा रहा है। यातायात व सिविल पुलिस की टीम पूरे हाईवे पर नजर रख रही है।बाराबंकी से अयोध्या की ओर निजी बसों को नहीं जाने दिया जा रहा है। एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैफिक को व्यवस्थित बनाए रखने के लिए कई वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं।
बाराबंकी से जाएंगे मगर बहराइच से नहीं आ सकेंगे वाहन
बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर वाहनों के डायवर्ट होने से इस रूट पर यातायात का दबाव बढ़ गया है। इससे निपटने के लिए इसे वन वे के रूप में प्रयोग किया जा रहा है। जिसके तहत गोरखपुर, गोंडा, बलरामपुर व संतकबीरनगर की ओर से आ रहे वाहनों को बाराबंकी की ओर आने से रोककर जरवल रोड तिराहा से बहराइच, टिकोरा मोड़, चहलरीघाट रोड और सिधौली होते हुए लखनऊ-सीतापुर मार्ग पर भेजा जा रहा है
परेशानी से बचने को रखे ध्यान
- लखनऊ व बाराबंकी की ओर से भारी वाहन अब सीधे अयोध्या नहीं जा पाएंगे। इन्हें बाराबंकी से चौकाघाट, जरवल रोड, करनैलगंज होते हुए आगे रवाना किया जा रहा है।
- रामसनेहीघाट क्षेत्र के भिटरिया चौराहे से वाहनों को हैदरगढ़ रोड पर मोड़ा जा रहा है, जहां से यात्री कीब 30 किमी चलकर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का प्रयोग कर सकते हैं।