झमाझम बारिश से गुरुवार की दोपहर पूरा शहर पानी से लबालब हो गया। दिनभर स्कूली बच्चे व लोग बारिश में भीगे और आवागमन में दिक्कतें हुईं लेकिन कई दिनों से हो रही उमस से राहत भी मिली। जिले में गुरुवार को हुई बारिश 53 मिमी रिकार्ड की गई तो अधिकतम तापमान 32.2 व न्यूनतम 26.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
कई दिनों से उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों को गुरूवार को हुई झमाझम बारिश के बाद काफी राहत मिली। वहीं पानी पाते ही खेतो में लगी धान की फसल लहलहा उठी। दोपहर में एक बजे से शुरू हुई झमाझम बारिश से पूरा शहर लबालब हो गया। कुछ समय तक दो बिल्कुल अंधेरा छा गया। ऐसे में वाहन चालकों को जहां दिन में लाइट का प्रयोग करना पड़ा।इस दौरान स्कूलों में छुट्टी होने पर बच्चे भीगते हुए व छाते का सहारा लेकर घर जाते दिखे।
बारिश से शहर में खाली पड़े प्लाट व मैदान के अलावा सड़के पानी से डूब गई। ऐसें में नगर पालिका परिषद की नाले की सफाई की पोल खुली तो लोगों को आवागमन में काफी दिक्कते हुई। बारिश से शहर के जलालपुर, अशदनगर, पीरबटावन, मोहारी का पुरवा, आजाद नगर, पल्हरी व नाका चौराहे पर घुटनों तक पानी भर गया।