बाराबंकी। डेंगू और वायरल बुखार का प्रकोप चरम पर है। इसके बाद भी अस्पतालों में तैनात कर्मी सुधरने का नाम नहीं ले रहे हैं। सोमवार को सीएमओ ने सतरिख सीएचसी के अलावा हेल्थ वेलनेस सेंटर शरीफाबाद का निरीक्षण किया तो वह बंद मिला। नाराज सीएमओ ने अधीक्षक को फटकार लगाते हुए दोनों सीएचओ का वेतन रोकने का आदेश दिया है।
सीएमओ डॉ. अवधेश कुमार यादव ने सीएचसी सतरिख का निरीक्षण किया। इस दौरान वार्डों और औषधि वितरण कक्ष का जायजा लिया। परिसर में गंदगी पाए जाने पर नाराज सीएमओ ने यहां पर तैनात अधीक्षक डॉ. नीतीश कुमार को जमकर फटकार लगाते हुए कहा कि स्थिति देख रहे हो। इसके बाद भी परिसर में इतनी ज्यादा गंदगी है, इसे तत्काल साफ कराया जाए।
अन्यथा आपके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद वह शरीफाबाद स्थित हेल्थ वेलनेस सेंटर पहुंचे। यहां पर ताला लटक रहा था। नाराज सीएमओ ने सेंटर पर तैनात सीएचओ शुभम जायसवाल और रश्मि वर्मा का वेतन तत्काल प्रभाव से रोकते हुए जवाब तलब किया है। सीएचसी अधीक्षक से कहा कि सभी पर नजर रखी जाए। जहां भी लापरवाही मिले संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।