बाराबंकी। जिले की दो सीएचसी पर शुक्रवार को हेल्थ एटीएम का शुभारंभ किया गया। सूरतगंज सीएचसी पर सांसद उपेंद्र रावत ने फीता काटकर हेल्थ एटीएम की शुरुआत की।
इस दौरान नोडल अधिकारी डॉ. अवधेश मौर्य ने बताया कि लोगों को जांच कराने के लिए अब इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। इस मशीन से 32 प्रकार की जैसे ब्लड प्रेशर, शुगर, बीपी, लिटरेसी आदि की जांच आसानी से हो जाएगी। इसके जरिए ई-संजीवनी के माध्यम से डेली कंसंट्रेशन का कार्य भी किया जाएगा। इसके साथ ही मशीन पर उपलब्ध विकल्प के जरिए मरीजों को दिल्ली, कोलकाता, गुड़गांव व लखनऊ समेत अन्य अस्पतालों के जाने माने अनुभवी डॉक्टरों से ऑनलाइन जोड़ा जा सकता है। मरीज अपनी समस्या इनसे साझा कर परामर्श ले सकते हैं।
उधर, सीएचसी कोठी परिसर में विधायक दिनेश रावत ने हैदरगढ़ क्षेत्र के पहले हेल्थ एटीएम का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि तीन लाख 18 हजार रुपये में बनकर तैयार हुआ यह हेल्थ एटीएम लोगों के लिए लाभकारी साबित होगा। इस मौके पर पूर्व विधायक शरद अवस्थी, सीएमओ डॉ. अवधेश यादव, अमरेंद्र बहादुर सिंह, डॉ. संजीव कुमार, डॉ. मनीष, गोपाल आदि मौजूद रहे।