त्रिवेदीगंज (बाराबंकी)। लोनीकटरा क्षेत्र में चार दिन पहले शराब की दुकान के पास संदिग्ध हालात में मिले युवक की मौत गिरने से सिर में आई चोट व दम घुटने से हुई थी। संदिग्धों से पूछताछ कर पुलिस ने रविवार को यह खुलासा किया।
बृहस्पतिवार सुबह लोनीकटरा के चंदीखेड़ा गांव के पास सर्विस रोड किनारे करीब तीन फुट गहरी खाई में कोतवाली हैदरगढ़ की बबुआपुर पंचायत के मजरे गनेशपुर के अमरजीत सिंह (35) का शव मिला था। सिर में चोट के निशान से हत्या की आशंका जताने पर पुलिस मामले की जांच कर रही थी।
शराब की दुकान पर शाम से रात तक अमरजीत के साथ दिखाई दिए युवकों से पुलिस पूछताछ कर रही थी। रविवार को एसओ दोमित्र सेन रावत ने बताया कि जांच में पता चला कि युवक की मौत नशे की हालत में सर्विस रोड पर गिरने से हुई है। मामले में पूछताछ के लिए लाए गए सभी लोगों को छोड़ दिया गया है।