बाराबंकी। गैंगस्टर मुकदमे में फरार चल रहे हरदोई जिले के ओमपुरी गांव निवासी सुशील कंजड़ की शनिवार देर रात पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पैर में गोली लगने के बाद उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के अनुसार देर रात करीब 12 बजे शहर कोतवाल अजय कुमार त्रिपाठी की टीम गदिया रोड पर जांच कर रही थी। इस दौरान इमला बाबा मजार के पास सुशील बाइक से आता दिखा। पुलिस ने रोकने की कोशिश की तो उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में एक गोली सुशील के पैर में लग गई, जिससे वह घायल हो गया।
उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस मामले में एसपी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि सुशील शहर कोतवाली में दर्ज गैंगस्टर के मामले में फरार चल रहा था। उस पर 20 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उस पर गैंगस्टर, लूट, डकैती सहित करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं।