भीषण गर्मी व उमस के बाद हुई बारिश किसानों के लिए आफत लेकर बरसी। तेज हवाओं के साथ गिरे बड़े-बड़े ओलों से मेंथा व आम की फसल को भारी नुकसान हुआ है। भानमऊ, इब्राहिमाबाद, सईदहा सहित कई गांवों में मेंथा की फसल पर ओलों की सफेद चादरें बिछ गई हैं। आंधी के साथ हुई बारिश के साथ पड़े ओलों ने किसानों की मुसीबत और बढ़ा दी है।
शुक्रवार दोपहर करीब पौने तीन बजे तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। ग्रामीण क्षेत्रों में कई जगहों पर बड़े-बड़े ओले गिरे। तहसील हैदरगढ़ के कई गांवों में तेज बारिश के साथ ओले गिरे।
जबकि कोठी क्षेत्र के भानमऊ, इब्राहिमाबाद, सईदहा, मुबारकपुर, सोहावा, सैदनपुर, कोठी व लाखपुर सहित कई गांवों में ओलों की चादरें बिछ गई। जिससे मेंथा व आम की फसल को काफी नुकसान हुआ है। ग्रामीण दिनेश कुमार बताते हैं ओला गिरने से मेंथा पौधा की डाले टूट गईं है जबकि पत्तियां टूट कर नीचे गिर गईं हैं।
इससे तेल का उत्पादन प्रभावित होगा। किसान रामचंदर बताते हैं कि किसान पहले से मौसम की मार से प्रभावित है। अब फिर से हुई ओलावृष्टि से किसानों की कमर टूट गई है। किसान शिव प्रकाश ने बताया कि तेज आंधी और ओला के चलते आम की फसल भी प्रभावित हुई है। बड़ी मात्रा में आम टूट कर गिर गए हैं।