बाराबंकी। जिला अस्पताल में 42 बेड का वार्ड बनाने के मामले में जमीन का पेच फंस गया है। अस्पताल प्रशासन ने चिह्नित जमीन देने से हाथ खड़े कर दिए हैं। ऐसे में वार्ड बनने का मामला अधर में लटकता देख सीएमओ ने सीएमएस को पत्र लिखकर जमीन की उपलब्धता की जानकारी मांगी है। लेकिन अस्पताल प्रशासन इसे लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहा है, जिससे अस्पताल परिसर में वार्ड बन पाएगा, इसके आसार कम ही नजर आ रहे हैं।
जिला अस्पताल में करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से 42 बेड का वार्ड बनाया जाना है। पहले कहा गया कि कोविड वार्ड होगा, लेकिन बाद में इसे सामान्य वार्ड का नाम दे दिया गया। वार्ड निर्माण में अस्पताल प्रशासन ने परिसर में जमीन न होने का पेच फंसा दिया है। वहीं, सूत्रों का कहना है कि अस्पताल में जहां पर ऑक्सीजन प्लांट लगा हुआ है, वहां पहले वार्ड बने थे, उस स्थान पर काफी जगह है और यहां पर नया वार्ड बनाया जा सकता है।
वहीं, इसके लिए अस्पताल प्रशासन ने चिकित्सकों की एक टीम बनाई, जिसने अपनी रिपोर्ट में लिखा कि जहां पर वार्ड बनाने की बात कही जा रही है, वहां पर पर्याप्त जगह नहीं है। क्योंकि यहां पर एक और ऑक्सीजन प्लांट पहले से प्रस्तावित है। विभाग का पूरा प्रयास है कि इससे पहले यह वार्ड किसी अन्य जिले को स्थानांतरित हो जाए, अस्पताल परिसर में ही बन जाए तो ज्यादा बेहतर होगा। लेकिन जिस तरह से दोनों विभाग आमने-सामने आ गए हैं, ऐसे में परिसर में वार्ड बन पाएगा, इसके आसार कम ही नजर आ रहे हैं।
वार्ड के लिए अस्पताल में जगह नहीं
42 बेड का वार्ड बनाने के लिए अस्पताल में पर्याप्त जगह नहीं है। क्योंकि जिस जगह पर वार्ड बनाने की बात कही जा रही है, वहां पर ऑक्सीजन प्लांट पहले से प्रस्तावित है। चिकित्सकों की टीम भी इसकी रिपोर्ट दे चुकी है, जिसे सीएमओ को भेज दिया गया है।
डॉ. बृजेश कुमार, सीएमएस, जिला अस्पताल
शासन को भेजी जाएगी रिपोर्ट
जिला अस्पताल में 42 बेड का वार्ड बनना है। अस्पताल प्रशासन की ओर से पहले कहा गया कि जमीन मिल जाएगी, अब जमीन न होने की बात कही जा रही है। सीएमएस को इसके लिए पत्र भेजा गया है। जवाब मिलने पर पूरी रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी।
-डॉ. अवधेश कुमार यादव, सीएमओ