यूपी के बाराबंकी में राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने कहा कि स्वामित्व योजना के तहत मिली घरौनी कई समस्याओं का निदान करेगी। विवाद के 80 प्रतिशत मामले जमीन से जुड़े होते हैं। जेलों में लोग भरे पड़े हैं लेकिन स्वामित्व कार्ड बनने से हत्या की घटनाएं रुकेंगी। भाई-भाई में विवाद नहीं होगा। जेलें खाली हो जाएंगी। आज खाना नहीं खाएंगे तो स्वास्थ्य ठीक होगा मगर घरौनी लिए बिना नहीं जाना है।
राज्यपाल ने आगे कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ी हैं। बैंक सखी, ड्रोन दीदी बनकर काम कर रही हैं। हवाई जहाज उड़ा रही हैं। बेटियां नभ, थल व जल, तीनों में परचम लहरा रही हैं। आज महिलाएं कमा रही हैं। 10 साल पहले ऐसा नहीं था।
राज्यपाल आनंदी बेन पटेल ने जीआईसी ऑडिटोरियम में मौजूद लोगों को नशा मुक्ति के साथ स्वच्छता अभियान में श्रमदान करने की शपथ दिलाई। कहा कि यदि रोज 50 रुपये का नशा भी करते हैं तो बंद करें, इसे बेटी की पढ़ाई पर खर्च करें।
प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा ने कहा कि जिले में पायलट प्रोजेक्ट के तहत योजना शुरू हुई थी। अगस्त 2025 तक घरौनी वितरण का काम पूरा हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना लागू करके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ग्रामीण विकास का खाका खींचा है। लाखों विवाद छूमंतर हो जाएंगे। इस मौके पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा, दिनेश रावत, एमएलसी अंगद सिंह, डीएम शशांक त्रिपाठी, एसपी दिनेश कुमार सिंह, सीडीओ अन्ना सुदन, जॉइंट मजिस्ट्रेट आर जगत साई आदि मौजूद रहे।