तमाम प्रयासों के बाद भी रेलवे की सुविधाओं में न तो इजाफा हो रहा है और न ही रेल पटरियों की सुरक्षा सही से हो रही है। रविवार की सुबह रेलवे स्टेशन पर एक बार फिर रेल पटरी टूटने से हड़कंप मच गया जिस समय पटरी टूटी उस पर से एक मालगाड़ी गुजरी थी हालांकि तत्काल मामले की जानकारी होने पर पटरी को सही करने काम शुरू किया गया है।
रविवार की सुबह रेलवे स्टेशन बाराबंकी के प्लेटफार्म नंबर एक पर एक मालगाड़ी ट्रेन गुजरने के बाद आरपीएफ थाने के सामने अचानक रेल पटरी टूट गई। यात्रियों ने जब देखा कि रेल पटरी टूट गई है तो इस बारे में अधिकारियों को जानकारी दी गई। जिसके बाद पहुंचे मुख्य रेल पथ निरीक्षक अमर सिंह ने कर्मचारियों के साथ मिलकर पटरी सही कराने का काम शुरू किया है। हालांकि स्टेशन पर पटरी टूटने से ट्रेनों का संचालन प्रभावित नहीं हुआ जो ट्रेनें प्लेटफार्म नंबर एक पर आनी थी उन्हें दूसरे प्लेटफार्म से निकालने के चलते यात्रियों को भागदौड़ करनी पड़ी। देर शाम पटरी में कॉशन लगाकर उसे सही किया गया है।
हादसों से सबक नहीं ले रहा विभाग
जिले में बीते एक माह में रेल पटरी टूटने के कई मामले सामने आ चुके है। 8 जनवरी को स्टेशन से कुछ ही दूरी पर पटरी टूटने से मालगाड़ी के आठ डिब्बे पटरी से नीचे उतर गए थे। इसके बाद बीते सप्ताह सफदरगंज के पास भी रेल पटरी टूटी थी जिससे दून एक्सप्रेस ट्रेन हादसे का शिकार होने से बची थी। इन सबके बावजूद विभाग यात्रियों की सुरक्षा के प्रति संवेदनशरील नहीं दिख रहा है।