मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के ग्राम बसारी में खेत गई बालिका का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मि
बेलहरा। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बसारी गांव में खेत गई 11 वर्षीय बालिका का शव शाम को संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से सनसनी फैल गई। बालिका के गले पर चोट के निशान है। माना जा रहा है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने घटनास्थल पर पहुंच कर जानकारी ली।
बसारी निवासी रामेंद्र मौर्य की पुत्री अनुष्का कक्षा तीन की छात्रा थी। बृहस्पतिवार को वह अपनी सहेलियों के साथ अपने खेत में मेंथा फसल की रोपाई करने गई थी। देर शाम तक जब वह घर नहीं लौटी तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद बालिका का शव उसके खेत से करीब 50 मीटर दूर गेहूं के खेत में पड़ा मिला।
शव को देखते ही परिजन बेसुध हो गए। मां पूजा ने बताया कि बच्ची के गर्दन पर चोट के निशान थे, जिससे ग्रामीणों में आशंका जताई जा रही है कि उसकी गला दबाकर हत्या की गई है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। घटना की गंभीरता को देखते हुए मौके पर एडिशनल एसपी विकास चंद दुबे पहुंचे और परिजनों से बातचीत कर पूरी जानकारी ली। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की गहन जांच शुरू कर दी है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी हो सकेगी। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।