सड़क की पटरी से अतिक्रमणहटवाते नगर पालिका के पीओ ।
बाराबंकी। जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी के निर्देश पर बुधवार को जिले के विभिन्न नगर निकायों में अतिक्रमण पर प्रशासन का बुलडोजर गरजा। नगर पालिका परिषद नवाबगंज, नगर पंचायत बंकी और नगर पंचायत देवा में अतिक्रमण हटवाने के साथ ही कई अतिक्रमणकारियों व पॉलीथिन में सामान बेचने वालों से जुर्माना भी वसूला गया। पॉलीथिन भी जब्त की गई।
नगर पालिका परिषद नवाबगंज के टीओ कमलेश चौबे के नेतृत्व में धनोखर चौराहे से सिटी कॉलेज तक अतिक्रमण हटाया गया। दुकानदार अपनी दुकानें सड़क तक फैलाए हुए थे, उनका सामान हटवाया गया और चेतावनी दी गई। अभियान के दौरान अतिक्रमणकारी दुकानदारों से दो हजार रुपये व पॉलीथीन रखने के लिए एक हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। नगर पंचायत बंकी में भी अधिशासी अधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल और कर्मचारियों की टीम ने विभिन्न स्थलों पर अतिक्रमण हटाया। छापेमारी के दौरान कई प्रतिष्ठानों से प्रतिबंधित पॉलीथीन बरामद की। इसी क्रम में मोहम्मदपुर तिराहा से मंझपुरवा जाने वाली सड़क किनारे नाला निर्माण का भी निरीक्षण किया गया और पाई गई कमियों को दूर करने के निर्देश दिए गए।
नगर पंचायत देवा में भी पुलिस की संयुक्त टीम ने कुर्सी रोड और देवा-फतेहपुर मार्ग पर अतिक्रमण हटवाया। बुलडोजर ने अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया। इस मौके पर अधिशासी अधिकारी संध्या मिश्रा, इंस्पेक्टर देवा अजय कुमार त्रिपाठी सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।