बाराबंकी। होली के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की टीमों ने अभियान के तहत शनिवार को जिले में छापामारी करते हुए खोवा, दूध, रसमलाई समेत सात नमूने भरकर जांच के लिए भेजे हैं।
एफएसडीए के अभिहीत अधिकारी डॉ. टीआर रावत के मुताबिक अभियान के तहत शनिवार को टीम ने दशहराबाग स्थित वीरेन्द्र गुप्ता की दुकान पर छापा मारकर खोवा, दूध और रसमलाई का नमूना भरकर जांच के लिए भेजा है। धरसनिया के उत्तम सिंह की दुकान से नमकीन और स्वाद बढ़ाने वाले केमिकल्स, फतेहपुर कस्बे में शिवम की दुकान से खोवा, मुरादपुर देवा के अजय की दुकान से खोवा का नमूना भरकर जांच के लिए भेजा है। इस दौरानसात नमूने भरकर जांच के लिए भेजे गए।
नौ मिलावटखोरों पर 93 हजार का जुर्माना
न्याय निर्णायक अधिकारी/ एडीएम कोर्ट ने नौ मिलावटखोरों पर 93 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। लखपेड़ाबाग के संजय गुप्ता और तमीरा के पप्पू पर बिना लाइसेंस के दुुकान संचालित करने पर पांच-पांच हजार रुपये जुर्माना किया गया है। बहरौली के अश्वनी और अगासड के श्यामू की दुकान भरा गया टोमैटो सॉस का नमूना जांच में अधोमानक पाए जाने पर सात-सात हजार रुपये, मोहम्मदपुर चंदी के आदित्य, पल्हरी चौराहा स्थित त्यागी डेयरी और सोरा के हाकिम के यहां भरा गया दूध का नमूना अधोमानक पाए जाने पर 18 हजार, डोरिहारा के रसीद की दुकान से लिया गया बेसन का नमूना अधोमानक पाए जाने पर 15 हजार और पड़री के मुतशिर की दुकान से लिया गया खाद्य तेल का नमूूना अधोमानक पाए जाने पर 10 हजार रुपये जुर्माना लगाया गया है। सत्यप्रेमीनगर के जयकरन यादव के यहां से भरा गया दूध का नमूना अधोमानक पाए जाने पर 11 हजार, दूध का नमूना अधोमानक मिलने पर बोजा के लल्लू पर 10 हजार और बिना लाइसेंस दुकान संचालित करने पर सुरसंडा के अब्दुल हसन पर पांच हजार रुपये का कोर्ट ने जुर्माना किया है।