बाराबंकी। शहर के नाका सतरिख स्थित लखन मार्केट में शुक्रवार को दवा की पांच दुकानों पर औषधि निरीक्षक ने छापा मारा। इस दौरान तीन दवाओं के नमूने भरकर जांच के लिए भेजे गए हैं। अभिलेखों में कई खामियां मिलने पर विक्रेताओं को चेतावनी दी गई है।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के औषधि निरीक्षक सुमित वर्मा के छापा मारने की सूचना से दवा विक्रेताओं में हड़कंप मच गया। कई विक्रेता अपनी दुकान बंद कर भाग निकले। डीआई ने मां दुर्गा मेडिकल्स, अर्चना फार्मा, नरायन मेडिकल्स, राशि फार्मा और अभिषेक सर्जिकल नामक दुकान पर छानबीन की। दुकानों पर गंदगी और अभिलेखों में खामियां मिलने पर सुधार की चेतावनी दी। इस दौरान डीआई ने तीन दवाओं के नमूने भरकर जांच के लिए भेजे हैं। औषधि निरीक्षक सुमित वर्मा ने बताया कि नाका सतरिख स्थित लखन मार्केट में दवा की पांच दुकानों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान दुकानों पर गंदगी और अभिलेखों में खामियां मिलने पर चेेतावनी दी गई है। तीन दवाओं के नमूने भरकर जांच के लिए भेजे गए हैं।