बाराबंकी। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक युवक के बायनेंस एकाउंट से साइबर ठगों ने 3.10 लाख रुपये उड़ा दिए। मामले में एसपी के आदेश पर अज्ञात ठग के खाता संख्या पर केस दर्ज किया गया है।
मोहल्ला गांधीनगर निवासी अजय कुमार ने बताया कि उसने क्रिप्टो करेंसी में ट्रेडिंग के लिए बायनेंस एप पर एकाउंट बनाया था। बीते नौ अगस्त को बिना जानकारी के किसी ने उसके बायनेंस एकाउंट से अपने खाते पर 3.10 लाख रुपये निकाल लिए। बिना किसी फोन, ओटीपी या लिंक के एकाउंट से पैसा निकल जाने पर युवक को बड़ी हैरानी हुई। जानकारी करने पर पता चला कि एक खाते पर उसके खाते से 3.10 लाख रुपये गए हैं। इसपर उसने मामले की शिकायत एसपी से कर कार्रवाई की मांग की है।
एसपी के आदेश पर शहर कोतवाली पुलिस ने जिस खाता संख्या पर पैसे जमा हुए हैं, उसके खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच में साइबर क्राइम टीम को जुटाया गया है।
इंस्टाग्राम पर गिफ्ट का झांसा देकर एक लाख ठगे
बाराबंकी। शहर कोतवाली की एक युवती ने पुलिस को शिकायत कर बताया कि एक अज्ञात युवक ने इंस्टाग्राम पर उससे दोस्ती करने के बाद गिफ्ट भेजने के नाम पर एक लाख रुपये ठग लिए।
युवती ने बताया कि युवक ने फोन पर उससे विदेश से गिफ्ट भेजने की बात कही थी। कुछ दिनों बाद बताया कि गिफ्ट पहुंच चुका है और उसे प्राप्त करने के लिए कस्टम चार्ज देना होगा। कस्टम चार्ज न देने पर केस हो सकता है।
इससे घबराकर युवती ने उसे दो बार में एक लाख रुपये भेज दिए। इसके बाद भी जब गिफ्ट नहीं मिला तो उसने इस संबंध में जानकारी प्राप्त की तो पता चला कि उसके साथ ठगी हुई है। इस मामले में युवक जिस मोबाइल नंबर से कॉल करता था, उस पर पुलिस केस दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। संवाद