दरियाबाद। क्षेत्र में युवक को प्रेम जाल में फंसाकर ठगी करने का मामला सामने आया है। फर्जी पुलिसकर्मी और वकील बनकर फिरौती मांगी गई। पीड़ित मोहम्मद फैसल की शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। रसूलपुर निवासी फैसल ने आरोप लगाया कि देर रात लगातार फोन कर एक युवती की आवाज में उससे बातचीत की गई। अगले दिन अलग-अलग नंबरों से खुद को तहसील का वकील और थाने का दरोगा बताकर धमकी दी गई।
उसे मुकदमा दर्ज कराने की बात कहकर डराया गया। इस दौरान उससे रुपये की मांग भी की गई। बातचीत के दौरान फैसल को पूरा मामला संदिग्ध लगा। यह मामला पहले सोशल मीडिया पर भी चर्चा में है। अब पुलिस से शिकायत हुई है। पुलिस कॉल डिटेल और संबंधित नंबरों की पड़ताल में जुटी है। पुलिस का मानना है कि इस तरह का गिरोह पहले भी कई लोगों को निशाना बना चुका है। कोतवाल धर्मेंद्र कुमार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि ऐसे फोन कॉल आने पर घबराएं नहीं। सीधे पुलिस को जानकारी दें।