बाराबंकी। परिवहन विभाग में नौकरी दिलाने के नाम पर शहर की एक महिला ने एक युवक से तीन लाख रुपये की ठगी कर ली। पीड़ित ने इस बारे में पुलिस से शिकायत की। जिस पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू की है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मंझपुरवा निवासी जितेंद्र यादव ने प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया कि करीब छह माह पहले उसे आवास विकास कॉलोनी की रहने वाली मंजू दीक्षित मिली और खुद व अपने पति का शासन सत्ता में ऊंची पहुंच बताने लगी। इसके बाद महिला ने जितेंद्र को परिवहन विभाग में क्लर्क के पद पर नौकरी दिलाने की बात कही और इसके एवज में तीन लाख का खर्च बताया।
पीड़ित का कहना है कि उसने अपनी जमीन बेचकर किसी तरह तीन लाख रुपये एकत्र कर महिला को दे दिए। इसके बाद महिला काफी दिनों तक युवक को ज्वाइनिंग लेटर दिलाने की बात कहते हुए झांसा देती रही। लेकिन जब पीड़ित को कोई ठोस जवाब नहीं मिला तो उसने चार जनवरी को पुलिस को तहरीर दी। जिस पर पुलिस ने आरोपी महिला के खिलाफ केस दर्ज किया है। पीड़ित का कहना है कि महिला ने कई और लोगों को भी ठगा है। कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि मामले की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।