बाराबंकी। घुंघटेर इलाके में तीन बच्चों के लापता होने के तीन दिन बाद लखनऊ में मिलने की घटना का शोर थमा भी नहीं था कि सफदरगंज थाना क्षेत्र के रायपुर गांव में मंगता बिरादरी के चार बच्चे संदिग्ध हालात में लापता हो गए। यह बच्चे बृहस्पतिवार को स्कूल के लिए निकले थे, मगर घर नहीं पहुंचे। शुक्रवार सुबह इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने पूरा इलाका छान मारा। दोपहर बाद बच्चे लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर जाते दिखे। बाराबंकी पुलिस की एक टीम लखनऊ में छानबीन कर रही है।
पुलिस केे अनुसार रायपुर निवासी पिंटू का पुत्र ठुन्नी (9), सनी (6), विपिन का पुत्र अंकित (8) व राज (5) रोजाना गांव के पास स्थित प्राथमिक स्कूल में पढ़ने जाते थे। बृहस्पतिवार सुबह भी यह सभी एक साथ घर से निकले। जब शाम ढलने के बाद भी बच्चे वापस नहीं आए तो परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद भी जब बच्चे नहीं मिले ते परिजनों ने सुबह सफदरगंज थाने पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। चारों बच्चे मंगता बिरादरी से हैं। इस बिरादरी के कई परिवार गांव और कस्बों में मेहनत-मजदूरी व भीख मांगकर गुजर-बसर करते हैं।
बच्चों की तलाश के लिए सफदरगंज थानाध्यक्ष अमर कुमार चौरसिया ने दो टीमें लगाई हैं। एक टीम द्वारा हाईवे के सीसीटीवी कैमरे खंगालने पर चारों बच्चे लखनऊ अयोध्या हाईवे पर सफेदाबाद से लखनऊ की ओर पैदल जाते दिखे। पुलिस ने आसपास के गांवों और कस्बों में भी अलर्ट जारी किया है। एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि बच्चों की तलाश में अलग टीमें लगी है। जल्द ही इनको सुरक्षित खोज निकाला जाएगा।