जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए ट्रेन व सड़क हादसों में चार लोगों की मौत हो गई है। वहीं इन हादसों में एक महिला समेत दो घायल भी हुए हैं।
दरियाबाद रेलवे स्टेशन के पास रविवार की सुबह ट्रेन से कटकर बाराबंकी के रहने वाले अनिल श्रीवास्तव की मौत हो गई। वहीं बाराबंकी रेलवे स्टेशन के पास 45 वर्षीय एक महिला रेलवे लाइन के किनारे घायलावस्था में पड़ी मिली। महिला की पहचान नहीं हो सकी है। आरपीएफ द्वारा महिला को जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
बड्डूपुर प्रतिनिधि के अनुसार क्षेत्र के अमरसंडा गांव के पास रोडवेज की एक बस ने बाइक सवार दो युवकों को रविवार की रात टक्कर मार दी। इस हादसे में जहां बाइक चला रहे राहुल निवासी महमूदाबाद जिला सीतापुर की मौके पर ही मौत हो गई है वहीं उसके साथ बाइक पर पीछे बैठा युवक घायल हो गया। घायल युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। उसकी भी इलाज के दौरान मौत हो गई।
मोहम्मदपुर खाला थानाक्षेत्र के ग्राम दानपुर के रहने वाले तीस वर्षीय नीरज पुत्र हरिकरन शनिवार की देर रात अपनी बाइक से सूरतगंज से घर लौट रहा था। गांव के बाहर पहुंचते ही किसी वाहन ने नीरज की बाइक में टक्कर मार दी। आसपास के लोग जब तक मौके पर पहुंचकर युवक को इलाज के लिए लेकर भागते, तब तक उसने दम तोड़ दिया। मृतक के चचेरे भाई ने कहा कि हादसे के समय युवक बिना हेलमेट पहने बाइक चला रहा था। थानाध्यक्ष रवींद्र सिंह ने कहा जिस वाहन की टक्कर से यह हादसा हुआ है उसके बारे में पता लगाया जा रहा था।