डेंगू और बुखार से मंगलवार को एक महिला समेत चार और लोगों की जान चली गई। डेंगू पीड़ित की हालत बिगड़ने पर एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां पर उनकी मौत हो गई। तीन अन्य रोगियों में डेंगू के लक्षण पाए गए हैं। जिन्हें लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जैदपुर कस्बे में देर रात हालात बिगड़ने पर परिवारीजन दो बुखार पीड़ितों को उपचार के लिए जिला अस्पताल ला रहे थे कि रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया। वहीं, बुखार से पीड़ित एक अधेड़ महिला की मौत हो गई।
मुजफ्फरमऊ निवासी सुमेश गौतम (43) को तीन दिन पहले तेज बुखार आया था। परिवारीजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। सोमवार शाम हालत और बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। मिल्लतनगर निवासी मोइनुद्दीन (40) पिछले कई दिनों से बुखार से पीड़ित थे।
परिवारीजनों ने बताया कि पहले निजी चिकित्सकों से इलाज कराया गया, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर सीएचसी पर दिखाया गया था। देर रात हालत बिगड़ने पर जिला अस्पताल ले जा रहे थे कि रास्ते में मौत हो गई। कस्बे के ही निवासी कुर्बान (39) और अयूब की मां बानों (55) भी कई दिनों से बुखार से पीड़ित थी।
देर रात हालत बिगड़ने से उनकी मौत हो गई। नियाज, इरफान और शब्बीर में डेंगू के लक्षण पाए जाने पर परिवारीजन उन्हें लखनऊ ले गए हैं। मुन्ना एहसान, पूनम वर्मा, तारिक और इरफान की हालत गंभीर होने पर सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। सुफियान, इसरार, अकील, अब्दुल रहमान, शमशाद, जुनैद और सुहेल आदि लोग बुखार से पीड़ित हैं।
मुख्यालय से भेजी गई चिकित्सकों की टीम मंगलवार को जैदपुर कस्बे पहुंची। इस दौरान टीम ने कैंप लगाकर लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया और दवाएं दी। चेयरमैन रियाज अहमद के आदेश के बाद मोहल्लों की साफ-सफाई का कार्य जोरों से कराया जा रहा है।