फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: बाराबंकी से नई सड़क तक फोरलेन, 26 मीटर तक होगी चौड़ी

Sat, 14 Mar 2026 01:22 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। जिले के प्रमुख बाराबंकी-नई सड़क मार्ग को अब फोरलेन बनाया जाएगा। बांदा-बहराइच राजमार्ग के इस महत्वपूर्ण हिस्से की लंबाई करीब 37 किलोमीटर है। वर्तमान में यह सड़क करीब सात मीटर चौड़ी है, जिसे बढ़ाकर करीब 26 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। सड़क के बीच में डिवाइडर भी बनाया जाएगा। इसका उद्देश्य यातायात के बढ़ते दबाव को नियंत्रित करने के साथ हादसों पर लगाम कसना है।
विज्ञापन




लोक निर्माण विभाग के स्तर से इसकी विभागीय प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। शहर के नाका सतरिख चौराहे से निकलने वाला यह मार्ग शहर के बाहर लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे को क्रॉस कर आगे बढ़ता है। रास्ते में हरख, भानमऊ, कोठी, केसरगंज और मीरापुर जैसे प्रमुख कस्बों और चौराहों से गुजरते हुए यह मार्ग हैदरगढ़-रामसनेहीघाट मार्ग पर स्थित नई सड़क कस्बे में जाकर मिलता है।

नई सड़क से इस मार्ग का एक सिरा भिटरिया में लखनऊ-अयोध्या नेशनल हाईवे से जुड़ता है, जबकि दूसरा सिरा पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और लखनऊ–सुल्तानपुर हाईवे को जोड़ता है। करीब दो दशक पहले यह मार्ग सिंगल लेन था, लेकिन वाहनों की बढ़ती संख्या को देखते हुए इसे दो लेन में बदला गया था। अब वाहनों की संख्या और यातायात के बढ़ते दबाव को देखते हुए सड़क का चौड़ीकरण कराया जाएगा।
विज्ञापन




इसके लिए वन विभाग और पावर कॉरपोरेशन से पत्राचार शुरू किया गया है, ताकि मार्ग में आने वाले पेड़ों और बिजली के खंभों को समय रहते हटाया जा सके। प्रांतीय खंड, लोनिवि के अधिशासी अभियंता अजीत कुमार सोनकर ने बताया कि इस सड़क को बड़े प्रोजेक्ट के रूप में लिया गया है और इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अप्रैल माह से परियोजना का एस्टीमेट तैयार करने का कार्य शुरू होगा। इसके बाद प्रस्ताव शासन को भेजा जाएगा।

अवैध निर्माण हटेंगे, मिलेगा मुआवजा



अधिकारियों के अनुसार सड़क चौड़ीकरण के दौरान मार्ग किनारे बने अवैध निर्माण हटाए जाएंगे। इसके साथ ही जहां सड़क के चौड़ीकरण के लिए अतिरिक्त जमीन की आवश्यकता होगी, वहां भू स्वामी को नियमानुसार मुआवजा राशि का भुगतान भी किया जाएगा।

12 जिलों तक आवागमन होगा सुलभ



यह सड़क कानपुर, रायबरेली, सुल्तानपुर, अमेठी, लखनऊ, अयोध्या, सीतापुर, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर और अंबेडकरनगर जैसे कई जिलों के बीच आवागमन का महत्वपूर्ण मार्ग है। कार्य योजना के तहत इस सड़क को डिवाइडर युक्त फोरलेन बनाने से इस मार्ग से जुड़ने वाले सभी जिलों के लोगों का आवागमन सुलभ बनेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें