बाराबंकी। बारिश के चलते बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बेपटरी हो गई है। लो वोल्टेज तथा फाल्ट की समस्या से लोगों को जूझना पड़ रहा है। शहर में ढाई घंटे बिजली गुल रही। बारिश से बिजली तारों पर पेड़ व डाल गिरने से हुए फाल्ट से 428 गांवों की बिजली घंटों ठप रही। विभागीय कर्मचारियों की लापरवाही के कारण शासन की मंशा के अनुरूप लोगों को बिजली की आपूर्ति नहीं मिल रही है।
बुधवार भोर हुई बारिश के चलते शहर की बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। आवास विकास, कोठीडीह, विकासभवन रोड, पुलिस लाइन, सिविल लाइन, लखपेड़ाबाग, अभयनगर, मकदूमपुर, डिवाइन सिंटी समेत अन्य मोहल्लो में ढाई घंटे बिजली गुल रही। कई जगह पेड़ों की छंटाई के कारण भी बिजली कटौती की गई। बेलहरा नगर पंचायत में मंगलवार की रात नौ बजे ठप हुई बिजली आपूर्ति बुधवार दोपहर तीन बजे तक बजे तक शुरू नहीं हो सकी। इससे तकरीबन बीस हजार आबादी प्रभावित है। निंदूरा क्षेत्र में मंगलवार रात चार फीडर से जुड़े 250 गांवों की आठ घंटे तक आपूर्ति ठप रही। सुबह सात बजे बिजली शुरू होने के बाद फिर कटौती शुरू हो गई। टिकैतगंज, खरिहानी, छिलगांव, दादरा, सारय शाहाबाज, घुघंटेर समेत अन्य गांवों में बिजली संकट बना है। जेई विकास शुक्ला का कहना है कि बारिश से दिक्कत हुई थी। कोटवाधाम में 33 हजार लाइन के तार पर पेड़ गिर जाने से तासीपुर, अमनियापुर, आरियामऊ, रानीकटरा, गोपालपुर, मरौचा, सनावा समेत 73 गावों की बिजली आपूर्ति छह घंटे ठप रही।
हैदरगढ़ व त्रिवेदीगंज क्षेत्र में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। त्रिवेदीगंज में लाइन पर पेड़ गिरने से गांव की बिजली बाधित है। बारिश के बीच भोर से हैदरगढ़ के त्रिवेदीगंज, मंझार, चौबीसी, टेलीफोन फीडर की बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। चौबीसी, भिखरा, सरांय चौबे, पेचरुआ, बीजापुर, गंगापुर संसारा, दतौली चंदा, सालपुर, संतोषपुर समेत करीब 70 गांव की एक लाख आबादी को परेशानी हुई।