रामनगर (बाराबंकी)। कोतवाली रामनगर क्षेत्र के बुढ़वल चौराहे पर मंगलवार सुबह रंगदारी न देने पर सवारियों से भरी एक निजी बस में दबंगों ने तोड़फोड़ की। विरोध करने पर बस कंडक्टर व ड्राइवर की लाठी-डंडों से जमकर पिटाई कर दी। साथ ही कंडक्टर से 16,300 रुपये लूटकर फरार हो गए। पीड़ित बस कंडक्टर ने तीन नामजद सहित 12 अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है।
गोंडा की एक निजी बस मंगलवार सुबह करीब आठ बजे लखनऊ से सवारियां लेकर श्रावस्ती जा रही थी। इस बीच बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर बुढ़वल चौराहे के पास लाठी-डंडों से लैस दबंगों ने बस रुकवाकर रंगदारी मांगी। रंगदारी न देने पर दबंगों ने अपने अन्य साथियों को भी लाठी-डंडों के साथ मौके पर बुला लिया। इसके बाद बस में तोड़फोड़ करने लगे। इससे बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। गोंडा के मालवीय नगर निवासी बस कंडक्टर आकर्ष द्विवेदी और चालक के साथ मारपीट भी की व रुपयों से भरा बैग लूटकर फरार हो गए।
बैग में टिकट के कुल 16,300 रुपये थे। पीड़ित बस कंडक्टर ने पुलिस को तहरीर देकर करनैलगंज निवासी सुनील सिंह, पंकज सिंह व सेमराय के रणविजय सिंह के खिलाफ गंभीर धाराओं में केस दर्ज कराया है। इंस्पेक्टर अजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि पूर्व में भी सवारियों को लेकर झगड़ा हो चुका है। जिसके संबंध में गोंडा के कटराबाजार थाने में दूसरे पक्ष से सुनील सिंह द्वारा शिकायत की गई थी। केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।
सीओ कार्यालय से 500 मीटर की दूरी पर हुई वारदात
बस में तोड़फोड़ व लूट की वारदात क्षेत्राधिकारी कार्यालय से महज 500 मीटर की दूर पर हुई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में कुछ युवक बस में मारपीट और तोड़फोड़ करते नजर आ रहे हैं। घटना के दौरान एक पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंचकर बस में चढ़ते नजर आ रहे हैं। अमर उजाला ऐसे किसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता।