जैदपुर (बाराबंकी)। शादी में फूड प्वायजनिंग का शिकार हुए लोगों के घर मंगलवार को चिकित्सकों की टीम के साथ फूड इंस्पेक्टर पहुंचे और मामले की जांच की। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मोहल्ले में जाकर लोगों को ओआरएस पाउडर के साथ जरूरी दवाएं दीं और साफ सफाई करने के लिए जागरूक किया। मंगलवार को फूड प्वाइजनिंग का कोई नया मरीज सामने नही आने से स्वास्थ्य विभाग ने राहत की सांस ली।
जैदपुर कस्बे के मोहल्ला आजादनगर में फकीर मोहम्मद के बेटे और बेटी की शादी में वलीमे का कार्यक्रम था। जिसमें काफी लोगों ने खाना खाया था। देरशाम खाना खाने वाले लोगों को उल्टी-दस्त शुरू हो गए। निजी क्लीनिक के साथ सीएचसी में भर्ती कराया गया था। मंगलवार सुबह स्वास्थ्य विभाग की टीम आजादनगर में पहुंचकर घर-घर जाकर ओआरएस के साथ जरूरी दवाएं बांटी।
फूड प्वायजनिंग की घटना को देखते हुए जिला मुख्यालय से फूड इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों से पूछताछ की और बचे हुए कुछ भोजन को जांच के लिए भेजा। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मुकुंद कुमार पटेल ने बताया कि सोमवार को जितने लोग उल्टी-दस्त का शिकार हुए थे। उसके बाद कोई मरीज और नहीं बढ़ा। (संवाद)