बाराबंकी। खाद्य आयुक्त अनामिका सिंह ने बुधवार को नवीन मंडी और सफदरगंज मंडी में संचालित धान खरीद केंद्रों पर छापा मारा, जिससे विभाग में हड़कंप मच गया। खाद्य आयुक्त ने केंद्रों पर डंप पड़े धान के ढेर देखकर अधिकारियों से पूछताछ की। अधिकारियों ने उठान (लिफ्टिंग) को लेकर आ रही समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। जब उन्होंने किसानों से बात की, तो किसानों ने शिकायत की कि केंद्र प्रभारी जगह का अभाव बताकर उनकी धान की तौल नहीं कर रहे हैं। इस पर खाद्य आयुक्त ने अधिकारियों को खरीदे गए धान के उठान में तेजी लाने और खरीद की रफ्तार और बढ़ाने के सख्त निर्देश दिए।
खाद्य आयुक्त करीब साढ़े 11 बजे नवीन मंडी पहुंचीं। वहां किसान रामनरेश का धान तौला जा रहा था। किसान ने आयुक्त को बताया कि अगर उठान में तेजी आए तो और किसानों का धान जल्दी उतर जाएगा। जिला खाद्य विपणन अधिकारी राजीव कुलश्रेष्ठ ने बताया कि उठान में दिक्कतें आ रही हैं क्योंकि राइस मिल मालिकों को पौष्टिक चावल नहीं मिल रहा है और कागजी प्रक्रिया पूरी करने में भी दिक्कत आ रही है। खाद्य आयुक्त ने शीघ्र ही इस समस्या का हल निकालने का आश्वासन दिया।
इसके बाद वह सफदरगंज मंडी पहुंचीं और धान की तौल करा रहे किसान राजन वर्मा, राम कैलाश और अशोक कुमार से बात की। यहां भी किसानों ने जगह की कमी के कारण तौल न होने की बात दोहराई। आयुक्त ने क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे धान के उठान में तेजी लाने के लिए राइस मिल मालिकों से तुरंत संपर्क करें। मंडी सचिव सर्वेश मिश्रा ने बताया कि सात कांटों के माध्यम से अब तक 447 किसानों से 20,115 क्विंटल धान की खरीद की जा चुकी है, जबकि जिले में कुल साढ़े 15 हजार मीट्रिक टन से अधिक की खरीद हो चुकी है। इस मौके पर संभागीय खाद्य नियंत्रक अयोध्या श्रीकृष्ण यादव, केंद्र प्रभारी मनोज कुमार, दीपिका दुबे, अनूप वर्मा, इंद्र कुमार, विजय आनंद तिवारी आदि मौजूद रहे।