फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: कोहरे ने थामी रफ्तार, ठंड से बढ़ीं दुश्वारियां

Fri, 29 Dec 2023 01:11 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। पूस का महीना शुरू होने के बाद से कोहरे का सितम जारी है। बुधवार की रात से लेकर बृहस्पतिवार को पूरे दिन काेहरे का प्रकोप बना रहा। सुबह के समय दृश्यता लगभग शून्य होने के कारण वाहनों की रफ्तार थम गई। दिन में कोहरे के कारण धुंध छाई रही, ऐसे में लोग वाहनों की हेडलाइट जलाकर गुजरते नजर आए। कोहरे के कारण दो वाहनों की भिड़ंत में चिकित्सक समेत दो लोग जख्मी हो गए। वहीं तापमान गिरने के कारण गलन भरी ठंड से बुजुर्गों, हृदय व सांस रोगियों के साथ परिषदीय विद्यालय के बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा पाला पड़ने के कारण आलू की फसल में रोग लगने के आसार बढ़ गए हैं।
विज्ञापन


सफदरगंज थाना क्षेत्र में जैदपुर मार्ग पर सराय कायस्थान संपर्क मार्ग के पास जैदपुर की ओर जा रहा आलू व टमाटर लदा मैजिक डाला सामने से आ रहे बिस्किट लदे हाॅफ डाले में टकरा गया। हादसे में हाॅफ डाला चालक हनीफ निवासी गढ़ी कदीम जैदपुर व डॉ. मनोज निवासी राजस्व दयालपुर सिधौली थाना सीतापुर के पैर टूट गए। डॉ. मनोज ड्यूटी पर सीएचसी सोहावल जा रहे थे। हादसे के बाद मैजिक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस व स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को जिला अस्पताल भेजा। थानाध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि वाहन कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है।





हवा की सेहत बिगड़ी, 347 एक्यूआई पहुंचा प्रदूषण
बुधवार रात आठ बजे से ही कोहरा गिरना शुरू हो गया था। सुबह होने तक दृश्यता लगभग न के बराबर हो गई। सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। दिन का अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा में प्रदूषण भी काफी बढ़ गया है। हवा में प्रदूषण 347 एक्यूआई रिकॉर्ड किया गया, जो काफी खराब की श्रेणी में है। शाम को चलीं पांच किमी प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं ठिठुरने को मजबूर करती रहीं।
विज्ञापन





आलू पर मंडराया झुलसा रोग का खतरा
मौसम में नमी, पाला गिरने के कारण आलू पर झुलसा का खतरा मंडरा रहा है। ऐसे में किसानों को अपने खेतों में हल्की सिंचाई की आवश्यकता है। इसके साथ ही धुआं करके पाले से बचाव किया जा सकता है। जिला कृषि रक्षा अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि झुलसा से बचाव के लिए आलू में फफूंदीनाशक मैंकोजैब 75 प्रतिशत या फिर जिनेब 75 प्रतिशत दो से ढाई किग्रा प्रति हेक्टेयर की दर से 400 से 500 लीटर पानी में मिलाकर छिड़काव करना चाहिए। झुलसा लग जाने की स्थिति में 500 ग्राम कार्बेंडाजिम 50 प्रतिशत और दो किग्रा मैंकोजैब 75 प्रतिशत मिलाकर प्रति हेक्टेयर की दर से छिड़काव करें।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें