बाराबंकी/जैदपुर। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक शुक्रवार को भी बारिश हुई। शहर में सुबह कुछ देर के लिए मामूली बारिश हुई थी, वहीं फतेहपुर तहसील समेत अन्य इलाकों में बारिश हुई। बृहस्पतिवार रात जैदपुर इलाके में बिजली गिरने से खेत में काम कर रहे पांच लोग झुलस गए। परिजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर आए, जहां से दो लोगों को लखनऊ रेफर कर दिया गया।
जैदपुर थाना क्षेत्र के लासोरवा मजरे अब्दुल्लापुर में बृहस्पतिवार की रात एक ही परिवार के पांच लोग खेत में धान की रोपाई कर रहे थे। इसी बीच मौसम में आए परिवर्तन के कारण तेज चमक के साथ बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में आकर गोपाल (24) व उसकी बहन महिमा (18) झुलस गए। इनको तड़पता देख खेत से निकल कर घर जा रहे पिता जगतराम (50), सलोनी (35) व खुशबू (16) दोबारा खेत पहुंच गए। इसी बीच दोबारा बिजली गिर गई, जिससे यह तीनों भी झुलस गए। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजन व ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने गोपाल व महिमा की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें केजीएमयू लखनऊ कर दिया।