- लालपुर करौता गांव में हादसा, नकदी-जेवर समेत लाखों का नुकसान
सूरतगंज (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के लालपुर करौता गांव में गैस सिलिंडर फटने से पांच घरों में आग लग गई। दहशत व अफरातफरी के बीच ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया। आग से नकदी, जेवर व गृहस्थी सहित करीब पांच लाख का नुकसान हुआ है।
लालपुर करौता निवासी रामचंदर की बेटी का तीन मई को विवाह हुआ था। शुक्रवार को बेटी का गौना लाने की तैयारियां चल रही थी। इस बीच छप्परनुमा घर में रखे गैस सिलिंडर के पाइप में लीकेज होने से आग लग गई। घर में मौजूद महिलाएं किसी तरह बाहर निकलीं। इसी दौरान तेज धमाके के साथ सिलिंडर फट गया। देखते ही देखते आग ने कामता प्रसाद, रामसागर, देशराज व छोटेलाल के छप्परनुमा घरों को भी चपेट में ले लिया। इन घरों में रखी नगदी, जेवर व कपड़े सब कुछ राख हो गया। रामचंदर के घर में रखी 25 हजार की नकदी व बेटी के गौने के लिए लाया गया सामान भी जल गया। ग्रामीणों ने पंपिंग सेट चलाकर किसी तरह आग पर काबू पाया। एसडीएम तान्या सिंह ने बताया कि पीड़ितों को मुआवजा दिलाया जाएगा।
कामता बोले, कैसे होगी बेटी की शादी
कामता प्रसाद ने बताया कि बेटी चांदनी की 13 मई को शादी है। इससे पहले सात मई को तिलक लेकर जाना है। एक-एक पैसा जोड़कर 50 हजार रुपये जुटाए थे। भाइयों के सहयोग से जेवर, बाइक, फ्रिज, पंखा लाकर रखा था। आग में सब जल गया। अब शादी कैसे होगी।