बाराबंकी। ओला गाड़ी बुक कराने के बाद रास्ते में चालक पर हमला बोलकर गाड़ी लूटने वाले पांच आरोपियों को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने देवा थाना क्षेत्र में लूटी गई एक कार व चालक का मोबाइल भी बरामद कर लिया है। एसपी ने पुलिस टीम को 25 हजार के इनाम की घोषणा की है।
पुलिस लाइन सभागार में शुक्रवार को एसपी अनुराग वत्स ने बताया कि, बीते आठ अगस्त को लखनऊ जिले के गोसाईगंज थाना क्षेत्र के टिकनियामऊ गांव निवासी मो. हसीब ओला में लगी अपनी कार से ऑफलाइन बुकिंग कर तीन सवारियों को चारबाग स्टेशन से रामस्वरूप डिग्री कॉलेज छोड़ने जा रहा था।
इस दौरान माती के पास तीनों सवारियों ने पेपर कटर से हसीब पर हमलाकर उसे घायल कर दिया और गाड़ी लूट कर भाग गए थे। देवा पुलिस के अलावा स्वाट-सर्विलांस टीम को खुलासे के लिए लगाया गया था। मैनुअल इंटेलिजेंस और डिजिटल डाटा की मदद से पुलिस ने शुक्रवार को लूटकांड को अंजाम देने वाले लखनऊ जिले के गुडंबा थाना क्षेत्र के जानकीपुरम निवासी हिमांशु वर्मा, अंशु सिंह, विपिन गौड़, अविरल मिश्रा तथा तुलसी रोड गुडंबा निवासी फैसल इंसाफ को गिरफ्तार किया।
इनके पास से लूटी गई कार, हमले में प्रयोग पेपर कटर और चालक का मोबाइल भी बरामद किया गया। एसपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि पांचों युवक मित्र हैं। इनमें तीन ने सवारी बनकर गाड़ी बुक कराई थी। देवा थाना क्षेत्र में घटना को अंजाम देने के बाद गाड़ी में रखे कागजात और मोबाइल को फेंक दिया था। इसके बाद अविरल और फैसल को घटना की जानकारी दी गई। गाड़ी की नंबर प्लेट व कुछ हिस्सों में परिवर्तन कर दिया। उसे बेचने के लिए ग्राहक ढूंढ रहे थे लेकिन इससे पहले पुलिस ने धर दबोचा।
अनर्गल खर्चों के लिए बने लुटेरे
अनापशनाप खर्च की जरूरत पूरी करने के लिए इन युवकों ने लूट की घटना को अंजाम दिया। देवा के थाना प्रभारी पंकज कुमार सिंह ने बताया कि सभी आरोपी युवक पढ़े-लिखे हैं। गलत आदतों की वजह से इनका खर्चा बढ़ गया था। जिसकी पूर्ति करने के लिए लुटेरे बन गए।