टक्कर से क्षतिग्रस्त कार। संवाद
- फोटो : टक्कर से क्षतिग्रस्त कार। संवाद
बाराबंकी। जिले में 24 घंटे के अंतराल में हुए पांच हादसों में पांच लोगों की मौत हो गई। इसमें एक युवक की जल्द शादी होने वाली थी। उसकी मौत से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस ने चारों शवों का पोस्टमार्टम कराकर घर भेजा तो परिजनों में चीख-पुकार मच गई। लोनीकटरा के सोनिकपुर निवासी शिवशंकर (21) बुधवार सुबह ट्रैक्टर लेकर मदरहा गांव में ईंट-भट्ठे की ईंट पथाई के लिए खेत समतल करने जा रहे थे। ट्रैक्टर में खेत समतल करने का यंत्र लगा हुआ था। इसी दौरान भट्ठे के पास रास्ते में ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर गहरे खड्ड में पलट गया। इससे शिवशंकर ट्रैक्टर के नीचे दबकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें निकाला। गंभीर हालत में लखनऊ के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
उधर, असंद्रा के गढ़ी गांव निवासी राजेंद्र कुमार (19) बुधवार देर शाम बाइक से रिश्तेदारी में गए थे। रात दो बजे के बाद घर लौटते समय हैदरगढ़-भिटरिया मार्ग पर देवीगंज चौराहे के पास बाइक में ट्रक की टक्कर लग गई। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस की मदद से उन्हें सीएचसी पहुंचाया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। चचेरे भाई बुधराम ने बताया कि राजेंद्र का विवाह होने वाला था। नौ मार्च को वरीक्षा हुई थी।
इसी तरह से जैदपुर के कजियापुर गांव निवासी रामगनेश रावत (50) बुधवार देर शाम बाइक से सब्जी खरीदने क्षेत्र के ही न्योछना बाजार गए थे। लौटते समय कजियापुर गांव के मोड़ पर मंदिर के पास रोटावेटर लेकर जा रहे ट्रैक्टर की टक्कर लगने से वह सड़क पर गिर गए। ट्रैक्टर के नीचे आ जाने उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दो पुत्रियों और दो पुत्रों के पिता रामगनेश बटाई पर खेती करने के अलावा बकरी पालन करते थे। पुलिस ने ट्रैक्टर समेत गांव के ही निवासी चालक को हिरासत में लेकर रिपोर्ट दर्ज की है।
वहीं, रामसनेहीघाट के भीखरपुर गांव निवासी विनय कुमार (30) बुधवार देर रात बहरेला से घर लौट रहे थे। इस दौरान हैदरगढ़-भिटरिया मार्ग भीखरपुर के पास उनकी बाइक दूसरी बाइक से टकरा गई। हादसे में विनय गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर पहुंचे परिजनों से विनय ने बताया कि दूसरी बाइक पर तीन लोग सवार थे। हादसे के बाद तीनों भाग निकले।घायल विनय को केजीएमयू लखनऊ में भर्ती कराया गया, जहां रात में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। विनय ग्राम प्रधान के यहां काम करते थे। वहीं, फतेहपुर क्षेत्र के मझगवां शरीफ निवासी किसान सियाराम गौतम (60) बृहस्पतिवार सुबह वह साइकिल से आंख की दवा लेने सीएचसी देवां जा रहे थे। देवा रोड पर कल्याणी नदी पुल पर सामने से आए तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर साइकिल में लगी।
इस दौरान सड़क पर गिरे सियाराम को ट्रक रौंदता हुआ निकल गया। किसान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शव के कई टुकड़े हो गए। मृतक के इकलौते पुत्र आशुतोष ने अज्ञात ट्रक चालक के विरुद्ध पुलिस को तहरीर दी।