बिना लाइसेंस के आतिशबाजी की तीन दुकानों में रविवार को आग लगने से करीब 50 हजार रुपये से अधिक का सामान जलकर राख हो गया। मामला बढ़ता देख आतिबाज अपना बचा हुआ सामान समेट कर भाग निकले। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई करने की बात कही है।
रामनगर थानाक्षेत्र के कस्बा सुढियामऊ निवासी असलम पुत्र मोलहे, वैश पुत्र मुन्ना व मुजीब के पास आतिशबाजी का लाइसेंस नहीं है। जिसके बाद भी तीनों अतिशबाज प्रशासन की आंख में धूल झोंककर पटाखे बनाने व बेचने का काम करते हैं।
शब्बेबरात के मौके पर रविवार को तीनों अतिशबाजों ने फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के हसनपुर टांडा गांव में पटाखों की दुकान लगा रखी थी। अचानक किसी बच्चे ने पटाखा छुड़ाया जिसकी चिंगारी से तीनों दुकानों में आग लग गई। विस्फोट होने पर आसपास के लोगों में भगदड़ मच गई।
तीनों दुकानों में लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान हुआ। ग्रामीणों ने मामले की सूचना फतेहपुर पुलिस को दी। जब तक पुलिस आती, सभी आतिशबाज बचा सामान समेट कर भाग निकले।
फतेहपुर कोतवाल मोहन वर्मा ने बताया कि पटाखे की दुकान में आग लगने की सूचना मिली है। अगर आतिशबाज बिना लाइसेंस के काम कर रहे थे तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। पटाखे की दुकान में आग लगने से किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।